श्रीनगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर का लोकार्पण किए जाने पर अधिवक्ताओं ने खुशी जताई। वरिष्ठ अधिवक्ता अर्जुन सिंह भंडारी, डॉ. शकर काला तथा बार एसोसिएशन श्रीनगर के संरक्षक अनूप श्री पांथरी ने कहा कि यह कॉरिडोर केवल एक सड़क परियोजना नहीं बल्कि नए भारत की प्रगतिशील सोच और तीव्र गति से आगे बढ़ते विकास का प्रतीक है। आभार व्यक्त करने वालों में बार एसोसिएशनके के पूर्व अध्यक्ष दीपक भंडारी, अध्यक्ष परमेश चंद्र जोशी, सचिव ब्रह्मानंद भट्ट, पूर्व सचिव विकास पंत, प्रदीप मैठाणी आदि मौजूद रहे। संवाद
-
शिविर का विद्यार्थियों ने उठाया लाभ
श्रीनगर। रेनबो पब्लिक स्कूल चौरास में विद्यार्थियों के स्वास्थ्य एवं समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए दो दिवसीय स्वास्थ्य जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का कक्षा 5वीं से 7वीं तक के कुल 306 विद्यार्थियों ने लाभ उठाया। शिविर का संचालन सामुदायिक चिकित्सा विभाग के डॉक्टरों डॉ. अनुज अवस्थी, डॉ. शाल्वी सिंह, डॉ. चंचल, डॉ. सुबीन एवं डॉ. विवेक द्वारा किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण, नेत्र जांच तथा स्वास्थ्य संबंधी बुनियादी जानकारी प्रदान की गई। विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. रेखा उनियाल ने सामुदायिक चिकित्सा कार्यालय चौरास एवं बेस हॉस्पिटल श्रीकोट के चिकित्सकों का आभार व्यक्त किया। संवाद
-
चार धाम यात्रा मार्ग के शौचालयों की सफाई की
श्रीनगर। निगम के पर्यावरण मित्रों द्वारा आगामी चार धाम यात्रा के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित शौचालयों एवं निगम के सार्वजनिक शौचालयों की साफ-सफाई का कार्य किया गया। साथ ही इनमें पानी की समुचित व्यवस्था भी की गई। महापौर आरती भंडारी ने कहा कि शहर में स्वच्छता पर विशेष फोकस रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा को देखते लिए निगम क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले शौचालयों सहित सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता की विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। संवाद