पौड़ी। कल्जीखाल ब्लॉक के नलई गांव में जल जीवन मिशन में पेयजल कनेक्शनों में हुए भ्रष्टाचार के मामले में ग्राम प्रधान पर कोई कार्रवाई नहीं होने पर ग्रामीण एवं पूर्व सैनिक कोमल सिंह नेगी ने नाराजगी जताई है। उन्होंने डीएम को ज्ञापन देकर इस मामले में ग्राम प्रधान के खिलाफ भी कार्रवाई करने की मांग उठाई है। कल्जीखाल ब्लॉक के नलई गांव में जल जीवन मिशन में पेयजल कनेक्शन को लेकर जांच की गई थी। जिसमें धरातल पर कम पेयजल कनेक्शन व कागजों में अधिक कनेक्शन दिखाए गए थे। जिस पर संबंधित ठेकेदार के साथ ही विभागीय अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उनसे वसूली भी की गई। कोमल सिंह नेगी ने कहा कि यह कार्य ग्राम प्रधान के पति ने किया। उन्होंने इस कार्य में प्रमाणपत्र देकर ग्रामप्रधान की मोहर का दुरुपयोग किया है। उन्होंने ग्राम प्रधान के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग उठाई है। संवाद