बिना पढ़ाई के गढ़वाल विवि की ओर से परीक्षाएं कराए जाने से परेशान छात्रों ने कुलाधिपति से पाठ्यक्रम पूरा करवाने की गुहार लगाई है। इसके अलावा छात्रों ने विवि के कुलसचिव से वार्ता कर परीक्षा संबंधी समस्याएं दूर करने की मांग की।
सोमवार को गढ़वाल विवि के बिड़ला परिसर के छात्रसंघ उपाध्यक्ष अनमोल भंडारी के नेतृत्व में छात्रों ने कुलाधिपति को ज्ञापन भेजा। उन्होंने कहा कि पिछले तीन माह से वह कक्षाओं और परीक्षाओं के संबंध में कुलपति से वार्ता करना चाह रहे हैं, लेकिन कुलपति समय नहीं दे रही हैं।
उन्होंने कहा कि कोरोना काल मेें छात्र कई समस्याएं झेल रहे हैं। विवि की ओर से ऑन लाइन कक्षाएं संचालित की गई, जिसमें अधिकांश छात्र नेट कनेक्टिविटी और अन्य समस्याओं की वजह से शामिल नहीं हो पाए। छात्रों का अभी तक पाठ्यक्रम पूरा नहीं हुआ है और विवि परीक्षा करवाने की बात कह रहा है। उन्होंने कुलसचिव प्रो. एनएस पंवार से वार्ता कर कहा कि ऑन लाइन कक्षाएं खानापूर्ति रही हैं। उन्होंने पाठ्यक्रम पूरा कराए जाने के बाद ही परीक्षा करवाएं जाने की मांग की। साथ ही इंटरमीडिएट सेमेस्टर के जिन छात्रों को प्रमोट किया जा रहा है, उनकी परीक्षा फीस वापस लेने की बात कही। वार्ता में रजत रावत, रोहित थपलियाल, नीलेश पांडेय, कार्तिक तिवारी और हिमांशु बिष्ट आदि शामिल थे। ब्यूरो