राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार सुबह सात बजे हाथियों के एक झुंड ने कोटद्वार-दुगड्डा के बीच सड़क को करीब 45 मिनट तक जाम रखा। इस वजह से स्कूली बच्चों समेत अन्य लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वन कर्मियों ने बामुश्किल हाथियों को जंगल में खदेड़ा।
शुक्रवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग पर पीडब्लूडी गोदाम के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब मार्ग पर व्यस्त ट्रैफिक के बीच 11 हाथियों का झुंड आ धमका। मार्ग पर चल रहे वाहन चालकों ने किसी प्रकार वाहनों को पीछे कर हाथियों से दूरी बनाई। हाथी करीब पौन घंटे तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर डटे रहे। इस दौरान हाथियों के दोनों ओर वाहनों की लम्बी कतार लगी रही। लोग दूर जाने के लिए सुबह घरों से निकलते हैं, लंबी दूरी की जीएमओयू और रोडवेज की बसें भी कोटद्वार बस अड्डे से सुबह रवाना होती हैं। विभिन्न विद्यालयों में जाने के लिए अधिकतर शिक्षक मैक्स अथवा निजी वाहनों से विद्यालय पहुंचते हैं। नतीजतन सभी लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए हाथियों के झुंड के हटने का इंतजार करना पड़ा।
कार चालक दीपक कुमार नेेगी ने बताया कि हाथी पीडब्लूडी गोदाम की तरफ से अचानक सड़क पर आ गए। हाथियों को सामने देेख उनके होश उड़ गए आनन फानन में कार को बैक कर हाथियों से दूरी बनाई। सूचना पर वन कर्मी पहुंचे और उन्होंने हाथियों को जंगल में खदेड़ा। लैंसडौन वन विभाग के डिप्टी रेंजर सतविंदर सिंह ने लोगों को मार्ग पर सचेत रहने की अपील की। कहा कि हाथी कोरिडोर क्षेत्र होने के कारण हाथी खोह नदी से राष्ट्रीय राजमार्ग पार कर जंगल में जाते हैं।