लेह। लद्दाख के सरकारी स्कूलों में हर शिक्षक और विद्यार्थी को एजूकेशन टैबलेट दिया जाएगा। इसमें स्टडी मैटीरियल होगा, जिसके लिए इंटरनेट कनेक्शन की जरूरत नहीं होगी। ऑफलाइन ही टैब पर शिक्षक और विद्यार्थी पढ़ाई कर सकेंगे। वीरवार को डाइट लेह में शिक्षा के कार्यकारी पार्षद कोंचोक स्टैंजिन ने अभियान को लांच किया। 17000 फुट फाउंडेशन की ओर से शुरू किए गए अभियान को लद्दाख डिजी योंतान नाम दिया गया है। इसे आने वाले कुछ वर्ष में पूरी तरह से लागू करने का लक्ष्य रखा गया है।
कार्यकारी पार्षद स्टैंजिन ने कहा कि दूरदराज के क्षेत्र में बच्चों की पढ़ाई के लिए एजूकेशन टैब बेहद कारगर साबित होंगे। कहा कि इंटरनेट सुविधा के बिना इंटरनेट की तर्ज पर हाईटेक पढ़ाई से बच्चों का भविष्य संवरेगा।