जम्मू। इंदिरा गांधी नेशनल ओपन यूनिवर्सिटी (इग्नू) ने एससी विद्यार्थियों को निशुल्क स्नातक की पढ़ाई करवाने का फैसला लिया है। जो एससी विद्यार्थी 12वीं के बाद पढ़ाई छोड़ चुके हैं वह अब निशुल्क इग्नू से ग्रेजुएशन कर सकते हैं। यह अहम फैसला इग्नू की तरफ से केवल एससी वर्ग के विद्यार्थियों के लिए किया गया है वहीं अन्य जातियों के छात्रों को फीस देनी पड़ेगी। इस फ्री कोर्स के लिए विद्यार्थी विभाग की वेबसाइट से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
गौरतलब है कि इग्नू यूनिवर्सिटी साल में दो बार डिस्टेंस की परीक्षाएं करवाती है। इग्नू ने एससी छात्र-छात्राओं को फ्री में स्नातक के 20 कोर्स करवाने का अहम फैसला लिया है। एससी से संबंधित छात्र छात्राएं स्नातक के कोर्स बीए, बीकॉम और बीएससी के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन करने के बाद हर जानकारी विद्यार्थी को उसके दिए मोबाइल नंबर पर मैसेज से मिलती रहेगी। 31 जुलाई तक दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन किये जा सकते हैं।