टैंक ऑपरेटर्स के काम पर लौटने के बाद ब्लाक कीर्तिनगर के पाली-डांगचौरा के छह गांवों में अकरी-बारजूला पंपिंग पेयजल योजना से जलापूर्ति शुरू हो गई है। ग्रामीणों और पेयजल निगम के अधिकारियों की बैठक में सहमति बनने पर टैंक ऑपरेटर्स ने कार्य बहिष्कार स्थगित कर दिया।
ग्राम पंचायत पाली डांगचौरा के जिवाला, सिरोली, पडियारगांव, राईमा, भागौ, पाली व सिलोटा आदि गांवों में तीन पेयजल योजनाओं से आपूर्ति होती है। इनमें चौकी-पाली पेयजल योजना ठप पड़ी है। सेमगढ़-रणकंडियाल से आंशिक क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति होती है, जबकि अकरी-बारजूला पंपिंग पेयजल योजना से टैंक ऑपरेटर्स के कार्य बहिष्कार के कारण पेयजल आपूर्ति ठप चल रही थी। इसकी वजह 10 माह से टैंक ऑपरेटर्स को मानदेय न मिलना था।
अमर उजाला ने 29 जून के अंक में ‘डांगचौरा के गांवों में 16 दिन से पानी नहीं’ शीर्षक से समाचार प्रकाशित कर ग्रामीणों की समस्या को उजागर किया था। खबर का संज्ञान लेते हुए पेयजल निगम ने ग्रामीणों के साथ बैठक कर समस्या का हल निकाला। बैठक में सहमति बनी कि टैंक ऑपरेटर्स को 31 मार्च तक का भुगतान निगम/ठेकेदार करेगा, जबकि अप्रैल 2022 के बाद का भुगतान पेयजल समिति करेगी।
ग्राम प्रधान राजेंद्र सिंह महर ने बताया कि बैठक में योजना को हैंडओवर करने के लिए ग्रामीणों ने पाइप लाइन को मानकोनुसार बिछाने और हर घर के नल पर पानी उपलब्ध करवाने की शर्त रखी है। पानी के बिलों की वसूली का कार्य भी पेयजल समिति करेगी। मानदेय भुगतान का आश्वासन मिलने के बाद टैंक ऑपरेटर्स भी काम पर लौट गए। इस मौके पर हर्षमणी ममगाईं, उत्पन महर, विपिन सिंह, दीर्घपाल सिंह, सूरत सिंह, अजय सिंह, दिगंबर सिंह, मकान सिंह आदि मौजूद थे।
- पंप ऑपरेटर्स का 31 मार्च तक के मानदेय का भुगतान ठेकेदार करेगा। इसके अलावा जो भी समस्या है वह प्राथमिकता के साथ हल की जाएंगी, लेकिन इससे पूर्व ग्राम पंचायत को ग्राम पेयजल समिति के खाते में पांच फीसदी अंशदान की धनराशि जमा करनी होगी। - आरएस बिष्ट, अधिशासी अभियंता पेयजल निगम देवप्रयाग।