प्रदेश के पेयजल व जिले के प्रभारी मंत्री जिम्मेदारी मिलने के बाद पहली बार मुख्यालय पहुंचे। बावजूद इसके नगर में पेयजल आपूर्ति ठप रही। वहीं जल संस्थान के अधिकारियों का कहना है कि पौड़ी-श्रीनगर पेयजल योजना में तकनीकी खामी के चलते पेयजल आपूर्ति प्रभावित रही।
मुख्यालय में पौड़ी-श्रीनगर पेयजल पंपिंग योजना व नानघाट पेयजल पंपिंग योजना से जलापूर्ति की जाती है, लेकिन शनिवार को पौड़ी के लोअर बाजार, धारा रोड, श्रीनगर रोड, लक्ष्मीनारायण मंदिर मोहल्ला, पुराना जेल गदेरा, न्यू विकास कालोनी आदि क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति बाधित रही।
प्रदेश के पेयजल व जिले के प्रभारी मंत्री विशन सिंह चुफाल शुक्रवार शाम मुख्यालय पहुंचे गए थे। शनिवार को चुफाल ने विकास भवन में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक भी ली। क्षेत्र के युद्धवीर सिंह रावत का कहना है कि शहर में पेयजल मंत्री के मौजूद होने पर भी लोगों को प्यासा रहना पड़ रहा है। ईई एसके राय ने बताया कि पौड़ी-श्रीनगर पेयजल पंपिंग योजना में लीकेज की समस्या पैदा हो गई थी। साथ ही ग्रिड में भी विद्युत की समस्या रही। पेयजल लाइन को दुरुस्त करने का काम चल रहा है।