श्रीनगर। शहर में पेयजल आपूर्ति फिर गड़बड़ा गई है। पिछले तीन दिनों से कई मोहल्लों में पानी की सप्लाई अनियमित बनी हुई है। कहीं दिन में केवल एक समय पानी मिल रहा है तो कहीं कम प्रेशर के कारण लोग पानी भी जमा नहीं कर पा रहे हैं। स्थिति यह है कि सुबह पानी की आपूर्ति हुई भी तो आधे घंटे में बंद हो गई। वहीं कई क्षेत्रों में नलों से पानी नहीं आया।
गुरुद्वारा रोड, नर्सरी रोड, नंदा देवी मोहल्ला, प्रगति विहार और भक्तियाना समेत शहर के कई क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति प्रभावित है। लोगों के अनुसार पिछले तीन दिनों से पानी आने का कोई निश्चित समय नहीं रह गया है। मोनू और दीपक ने बताया कि पेयजल आपूर्ति की समस्या को लेकर लंबे समय से शिकायत की जा रही है लेकिन सुधार नहीं हो रहा है। उन्होंने नियमित आपूर्ति सुनिश्चित कराने की मांग की। वहीं जल संस्थान की कनिष्ठ अभियंता पूजा ने बताया कि बिजली की समस्या के कारण पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो रही है। विभाग की ओर से आपूर्ति सुचारु करने के प्रयास किए जा रहे हैं। संवाद