श्रीनगर। कीर्तिनगर ब्लॉक के हिंसरियाखाल पट्टी और पाटाखाल पट्टी के गांवों में पिछले लंबे समय से चल रहे पेयजल संकट के विरोध में जनता ने आंदोलन का एलान किया है। लोगों ने कहा कि जलापूर्ति न होने से उन्हें हैंडपंपों व अन्य जल स्रोतों की दौड़ लगानी पड़ रही है जबकि हर घर नल, हर घर जल योजना शोपीस बनी है।
हिंसरियाखाल पट्टी युवा संघ से जुड़े लोगों ने जल निगम एवं जल संस्थान पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए आर-पार की लड़ाई की चेतावनी दी है। कहा कि 26 मई को हिंसरियाखाल बाजार स्थित जगदीश्वर महादेव मंदिर प्रांगण में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा जबकि शाम छह बजे मशाल जुलूस निकाला जाएगा। युवा संघ के नरेश उमरियाल ने लक्षमोली-हडिमधार पंपिंग योजना से नियमित जलापूर्ति करने तथा पानी की किल्लत होने पर तत्काल टैंकर उपलब्ध कराने की मांग की। इधर लक्षमोली प्रधान सुरेश नेगी ने बताया कि अलकनंदा नदी किनारे बसे लक्षमोली, जाबर, तत्याकोट सहित क्षेत्र के अन्य गांवों में भारी पेयजल किल्लत बनी है। उन्होंने जल संस्थान से इस समस्या के समाधान की मांग की। संवाद