पौड़ी। स्वास्थ्य सेवाओं में बेहतर कार्य करने के लिए पौड़ी के आयुष्मान आरोग्य मंदिर डोभश्रीकोट को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्यूएएस) प्रमाणन मिल गया है। बीते 19 सितंबर को भारत सरकार की टीम ने डोभश्रीकोट का वर्चुअल मूल्यांकन किया था।
सीएमओ डॉ. शिवमोहन शुक्ला ने बताया कि राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक प्रमाणन प्राप्त करने के लिए स्वास्थ्य इकाइयों को विभिन्न मानकों पर मूल्यांकन होता है। केंद्र की टीम ने डोभश्रीकोट चिकित्सा इकाई में गर्भावस्था और प्रसव और नवजात की देखभाल, परिवार नियोजन सुविधा, गैर संचारी रोगों का प्रबंधन, साधारण बीमारियों के उपचार की सुविधा, टीबी और कुष्ठ रोग और पुरानी संचारी बीमारियों की जांच, दवाएं, स्वच्छता, बिजली पानी की उपलब्धता आदि का मूल्यांकन किया गया। सभी मानकों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन रहा।