पौड़ी। डीएम डॉ. आशीष चौहान ने जिलाधिकारी कार्यालय कक्ष में जिला उज्ज्वला समिति की बैठक ली। उन्होंने संबंधित अधिकारी से उज्ज्वला योजना के तहत वितरित गैस कनेक्शनों की रिफिलिंग की स्थिति व ई-केवाईसी की जानकारी ली। उन्होंने गैस एजेंसियों को उज्ज्वला गैस कनेक्शनों की ई-केवाईसी रोस्टवार करने के निर्देश दिए हैं।
डीएम ने आयोजित बैठक में उज्जवला गैस समिति के सदस्यों को निष्क्रिय गैस कनेक्शनों की पेट्रोलियम मंत्रालय के निर्देशानुसार पुनः बायोमेट्रिक व ई-केवाईसी करने को कहा। कहा कि जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक गैस रिफिलिंग व ई-केवाईसी नहीं कराई है, उन्हें नोटिस जारी किया जाए। उसके बाद भी उपभोक्ताओं द्वारा रिफिलिंग और ई-केवाईसी नहीं कराई जाती है तो ऐसे गैस कनेक्शनों को बंद करें। उन्होंने कहा जनपद में वितरित 25626 उज्ज्वला गैस कनेक्शनों में से जिन गैस कनेक्शनों की अभी तक ई-केवाईसी नहीं हुई है, उन कनेक्शनों की ई-केवाईसी करने के लिए गैस एजेंसी रोस्टर वार विशेष अभियान चलाएं।
बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि 31 मार्च 2023 से पूर्व वितरित 25626 उज्ज्वला गैस कनेक्शनों के सापेक्ष 97 ऐसे गैस कनेक्शन हैं जिनकी वर्तमान में ई-केवाईसी नहीं हो पाई है। जिसमें आइओसी (इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन) के 38 व बीपीसी (भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन) 59 गैस कनेक्शन शामिल हैं। कहा कि इन गैस कनेक्शनों पर लंबे समय से रिफिलिंग व ई-केवाईसी नहीं की गई है। बैठक में लीड बैंक अधिकारी प्रताप सिंह राणा, स्टेट नोडल अधिकारी बीपीसी अश्विनी कुमार, सेल्स अधिकारी आईओसी मयंक आदि मौजूद रहे।