- ओपीडी व आईपीडी मरीजों की कम संख्या पर नाराजगी व्यक्त की
पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने बृहस्पतिवार को जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता व व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के बाद आयोजित चिकित्सा प्रबंधन समिति की बैठक में उन्होंने वित्तीय वर्ष 2025-26 के अनुमोदित बजट के सापेक्ष व्यय की समीक्षा की। उपयोगिता बिलों एवं अन्य मदों में अधिक खर्च पर नाराजगी जताते हुए संबंधित कार्मिकों से स्पष्टीकरण तलब किया। इमरजेंसी वार्ड के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों से ड्यूटी आवर्स, उपलब्ध दवाओं व सुविधाओं की जानकारी ली। सर्जिकल वार्ड, स्टाफ ड्यूटी रूम समेत अन्य वार्डों के निरीक्षण में उन्होंने तीमारदारों के लिए गद्देदार बेंचों की व्यवस्था, लॉकरों की पेंटिंग तथा वार्डों में टाइल्स लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने फिजियोथेरेपी, ईएनटी एवं नेत्र विभाग का निरीक्षण करते हुए एंडोस्कोपी यूनिट स्थापित करने व फेको प्रशिक्षण जैसी आवश्यकताओं को प्राथमिकता देने को कहा। चिकित्सा प्रबंधन समिति की बैठक में ओपीडी एवं आईपीडी मरीजों की अपेक्षाकृत कम संख्या पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। पीएमएस को स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार कर मरीजों की संख्या बढ़ाने के लिए ठोस और प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। प्रसव मामलों की कम संख्या पर भी असंतोष जताते हुए संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। इस दौरान सीएमओ डॉ. शिव मोहन शुक्ला, सीटीओ नमिता सिंह, पीएमएस डॉ. एलडी सेमवाल, विधायक प्रतिनिधि तपोनिधि बडोनी आदि मौजूद रहे।