जिला पंचायत सदस्यों ने छह सूत्री मांगों को लेकर मुंडन कर जल्द समस्याएं हल करने की मांग उठाई। जिला पंचायत सदस्यों ने जल्द समस्या का समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।जिला पंचायत की कार्यप्रणाली से नाराज जिला पंचायत सदस्य बीते तीन दिनों से जिला पंचायत कार्यालय के बाहर धरना दे रहे है। जिला पंचायत सदस्यों ने कहा कि पौड़ी जिला पंचायत भ्रष्टाचार का अड्डा बनकर रह गया है। बीते दो वर्षों से त्रैमासिक बैठक का भी आयोजन नहीं हुआ है। जिला पंचायत सदस्य मौजूदा और बीते वित्तीय वर्ष के केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा दिए गए बजट का शासनादेश और बजट को किन जिला पंचायत क्षेत्रों में दिया गया, उसकी जानकारी देने, अभियंता और कार्याधिकारी के पद पर नियमित अधिकारी को तैनात किए जाने की मांग कर रहे है। कहा कि सरकार से मिले बजट में वित्तीय अनियमितताएं भी की जा रही है। जिला पंचायत सदस्यों ने उक्त मांगों पर अविलंब कदम नहीं उठाने पर आंदोलन को उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य गौरव रावत, कुलदीप सिंह, अजीत सिंह बिष्ट, कुलभूषण, सीमा सजवाण,वीरेंद्र रावत आदि शामिल रहे।