पौड़ी। जिला पंचायत की कार्यशैली से नाराज सदस्यों ने दूसरे दिन बृहस्पतिवार को भी जिला पंचायत कार्यालय के बाहर धरना दिया। नाराज सदस्यों ने गत दो सालों से त्रैमासिक आम बैठक आयोजित नहीं होने व राज्य सरकार से प्राप्त बजट में वित्तीय अनियमितता पर जिला पंचायत के खिलाफ आक्रोश जताया।
पूर्व तय कार्यक्रम के अनुसार बृहस्पतिवार को कुल्हाड़, ल्वाली, अंद्रोली, कोटा आदि सीटों के जिला पंचायत सदस्य कार्यालय परिसर के समक्ष धरने पर बैठे रहे। नाराज सदस्यों ने वित्तीय अनियमितताओं को लेकर तदर्थ कनिष्ठ अभियंता एवं निर्माण पटल कर्मचारी को बर्खास्त करने समेत छह सूत्री मांगों को पूरा करने की मांग उठाई। कुल्हाड़ सीट से सदस्य कुलभूषण व कोटा से सीमा सजवाण ने कहा कि लगातार दो सालों से जिला पंचायत की त्रैमासिक बैठक आयोजित नहीं की गई। जिससे जिले की विभिन्न सीटों के सदस्यों ने सदन का मुंह तक नहीं देखा। ऐसे में विकास कार्यों को लेकर वे जनता के बीच नहीं जा पा रहे।
आरोप लगाया कि जिला पंचायत पौड़ी के तदर्थ कनिष्ठ अभियंता व निर्माण पटल कर्मचारी पर वित्तीय अनियमितता के मामले सामने आए हैं। लिहाजा दोनों कर्मचारियों को बर्खास्त किया जाना चाहिए। इस मौके पर उन्होंने नियमित अभियंता को कार्याधिकारी नियुक्त करने, कार्यालय में विभिन्न पटलों पर वरिष्ठता के आधार पर योग्य व उपयुक्त कार्मिकों को जिम्मेदारी सौंपने की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में जिला पंचायत सदस्य गौरव रावत, कुलदीप सिंह, अजीत सिंह और बीरेंद्र सिंह शामिल रहे।