पौड़ी। जिला मुख्यालय पौड़ी के जीआईसी नगर में बृहस्पतिवार से दो दिवसीय इंस्पायर अवार्ड प्रतियोगिता का आयोजन होगा। जिसमें जिले के समस्त विकास खंडों के विभिन्न विद्यालयों से 213 बाल वैज्ञानिक प्रतिभाग करेंगे। प्रतियोगिता में बाल वैज्ञानिकों के तैयार प्रोजेक्ट प्रदर्शित किए जाएंगे। इनमें 10 प्रतिशत बाल वैज्ञानिकों के प्रोजेक्ट राज्य स्तर के लिए चयनित किए जाएंगे।
बुधवार को जीआईसी नगर के प्रभारी प्रधानाचार्य मोहन चंद्र घिल्डियाल की अध्यक्षता में जिला स्तरीय इंस्पायर अवार्ड प्रतियोगिता की तैयारी बैठक आयोजित की गई। प्रतियोगिता के जिला समन्वयक देवेंद्र सिंह रावत व महेंद्र सिंह रौथाण ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि विधायक पौड़ी राजकुमार पोरी करेंगे। पहले दिन एकेश्वर, जयहरीखाल, कल्जीखाल, खिर्सू, कोट, पाबौ, पौड़ी व पोखडा विकास खंडों के 96 बाल वैज्ञानिक प्रतिभाग करेंगे। दूसरे दिन बीरोंखाल, दुगड्डा, द्वारीखाल, नैनीडांडा, रिखणीखाल, थलीसैंण व यमकेश्वर के 117 बाल वैज्ञानिकों के प्रोजेक्ट प्रदर्शित किए जाएंगे। इस अवसर पर मनोज बिष्ट, मनोज काला, भवान नेगी, रघुराज चौहान, संग्राम सिंह, लक्ष्मण रावत, रविन्द्र रौतेला, अनूप बडथ्वाल, सुरेश पंवार, विक्रम सिंह, शंकर मणी कैंथोला, प्रीति रतूड़ी, सुनीता नेगी आदि मौजूद रहे।