थलीसैण ब्लाक के नौला और भैस्वाड़ा गांव करीब 70 लोग वायरल की चपेट में आने से बीमार पड़े हुए हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर बीमार पड़े लोगों स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें दवाइयां वितरित कीं जिससे बीमार लोगों के स्वास्थ्य में काफी सुधार आया है।
क्षेत्रवासियों के अनुसार थलीसैण ब्लाक के नौला और भैंस्वाड़ा गांव में करीब 150 परिवार रह रहे हैं। विगत कुछ दिन से इन दोनों गावों में करीब 70 लोग वायरल की चपेट में हैं। बृहस्पतिवार को ग्रामीणों की ओर से सूचना दिए जाने पर श्रीनगर के विधायक गणेश गोदियाल ने मुख्य चिकित्साधिकारी डा. मनीष अग्रवाल से गांव में डाक्टरों की टीम भेजने को कहा।
उन्होंने बृहस्पतिवार को डाक्टरों के साथ खुद इन गांवों में जाकर लोगों का हाल चाल पूछा। विधायक गोदियाल ने बताया कि चिकित्सकों की टीम ने दोनों गांवों में जाकर लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें दवाई वितरित कर दी है। बीमार लोगों की सेहत में अब काफी सुधार बताया जा रहा है। सीएमओ डा. मनीष अग्रवाल ने बताया कि डाक्टरों की टीम को इन दोनों गांवों में स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान करीब 35 लोग बीमार मिले। कुछ लोगों को हल्का बुखार था। उन्होंने बताया कि दोनों गांवों में एक बार फिर डाक्टरों की टीम को भेजा जाएगा।