श्रीनगर। उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण नैनीताल एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पौड़ी गढ़वाल के निर्देशानुसार सिविल जज (जूनियर डिवीजन) अलका, अध्यक्ष तहसील विधिक सेवा समिति की अध्यक्षता में 13 दिसंबर को होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के संबंध में प्री-लोक अदालत बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में लोक अदालत में अधिक से अधिक वादों के निस्तारण के संदर्भ में चर्चा हुई। इस मौके पर बार एशोसिएशन के अध्यक्ष प्रमेश चन्द्र जोशी, संरक्षक अनूप श्री पांथरी, नितेश भारती, ब्रह्मानंद भट्ट, विकास पंत, प्रदीप मैठाणी, दिनेश बिष्ट, भारतीय स्टेट बैंक एवं अन्य बैंकों के कर्मचारी व पीएलवी सदस्य पूनम हटवाल, रोशनी रतूड़ी, प्रियंका रॉय, मानव बिष्ट, प्रीति बिष्ट आदि मौजूद रहे।
फरासू व पॉलिटेक्निक की टीम ने जीता मैच
श्रीनगर। एनआईटी मैदान श्रीनगर में विंटर कप सीजन-दो क्रिकेट प्रतियोगिता के तहत बुधवार को दो मुकाबले खेले गए। पहला मुकाबला फरासू व फार्मा हंटर्स के बीच हुआ, जिसमें फ़रासू ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 115 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी फार्मा हंटर्स की टीम 46 रनों से पराजित हुई। दूसरे मैच में अचानक हादसा उफल्डा ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 86 रन बनाए। जवाबी बल्लेबाजी करने उतरी गवर्नमेंट पॉलिटेक्निक की टीम ने यह लक्ष्य छह ओवर में चार विकेट शेष रहते हुए हासिल कर जीत दर्ज की। मुख्य अतिथि विवि छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष सुधांशु थपलियाल, छात्र नेता वीरेंद्र बिष्ट, शिवांश डोभाल रहे। आयोजन समिति के योगेश महर और राज रावत ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए 16 टीमों ने पंजीकरण कराया है। आयोजन में योगेश बिष्ट, राज कोहली, शिवम चौहान, रितिक रौथाण, गोलू बंगवाल, अजय हटवाल आदि सहयोग कर रहे हैं।