पौड़ी। निकाय चुनाव को लेकर आयोजित द्वितीय प्रशिक्षण में कार्मिकों को मतदान व मतगणना का तकनीकी प्रशिक्षण दिया गया। सीडीओ ने चुनाव कार्मिकों को जिम्मेदारी के साथ मतदान व मतगणना संपन्न करने के निर्देश दिए। प्रशिक्षण में 16 मतगणना पर्यवेक्षकों के साथ ही 48 मतगणना सहायकों ने प्रतिभाग किया। जबकि द्वितीय प्रशिक्षण में नदारद पीठासीन अधिकारी रघुवीर सिंह पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यालय के प्रेक्षागृह में आयोजित प्रशिक्षण में उप जिला निर्वाचन अधिकारी/सीडीओ गिरीश गुणवंत ने मतदान व मतगणना के दौरान कार्मिकों को उनकी कार्यों व जिम्मेदारियों से रूबरू कराया। कहा कि दोनों दिन चुनाव कार्मिक गंभीरता के साथ कार्य करें। उन्होंने चुनाव में पारदर्शिता व निष्पक्षता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
हिदायत दी कि चुनाव में लापरवाही संबंधित कार्मिकों पर ही भारी पड़ सकती है। उन्होंने मतगणना प्रक्रिया के सभी चरणों की तकनीकी जानकारियां दीं। प्रभारी चुनाव नोडल अफसर दीपक रावत ने कार्मिकों को मतगणना के तहत अध्यक्ष व सभासदों के मतपत्रों को पृथक करने व वैध और अवैध मतों की छंटनी की विधि बताई।
बताया कि सबसे पहले डाक मतपत्रों की गणना की जाएगी। सभी टेबलों पर पहले चरण की गणना पूरी होने के बाद ही दूसरा चरण शुरू होगा। चुनाव कार्मिकों को अंतिम प्रशिक्षण 20 जनवरी को दिया जायेगा। इस मौके पर सहायक नोडल अधिकारी कार्मिक रणजीत सिंह नेगी, सहायक नोडल अधिकारी प्रशिक्षण स्वराज सिंह तोमर, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी पंचस्थानीय अतुल भट्ट आदि शामिल रहे।