श्रीनगर। व्यापार सभा श्रीनगर के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण समारोह के दौरान सामने आया मतभेद अब सुलझने लगा है। शुक्रवार को आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में महासचिव छवि प्रकाश अग्रवाल और कोषाध्यक्ष पंकज नेगी के शामिल न होने के बाद शनिवार को वरिष्ठ व्यापारियों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में व्यापार सभा के वरिष्ठ सदस्यों ने दोनों पदाधिकारियों से चर्चा कर आपसी संवाद के माध्यम से विवाद का समाधान निकालने पर सहमति बनाई। बैठक में तय किया गया कि महासचिव छवि प्रकाश अग्रवाल और कोषाध्यक्ष पंकज नेगी शीघ्र ही शपथ ग्रहण करेंगे। उन्हें जिला कार्यकारिणी की ओर से अलग से शपथ दिलाई जाएगी। बैठक में इस बात पर भी जोर दिया गया कि संगठन की एकजुटता और व्यापारियों के हित सर्वोपरि हैं व सभी पदाधिकारी मिलकर व्यापार सभा को मजबूत बनाने के लिए कार्य करेंगे। वरिष्ठ व्यापारियों ने आपसी मतभेदों को संवाद के माध्यम से मतभेद समाप्त करने और संगठन की गरिमा बनाए रखने की अपील की। बैठक में नरेश नौटियाल, आशीष सडाना, अनूप घिल्डियाल, रामानंद भट्ट, बृजेश भट्ट, चंद्र प्रकाश कटारिया, राजीव विश्नोई, ओम प्रकाश गोदियाल, हिमांशु अग्रवाल, गिरीश पैन्यूली, गोपाल डूडेजा और शंकरमणि मिश्रा सहित कई वरिष्ठ व्यापारी मौजूद रहे।