- गड्ढों से भरी सड़क बनी हादसों का कारण, प्रशासन की अनदेखी से नाराज लोगों ने श्रमदान कर भरे गड्ढे
- विधायक द्वारा घोषित 10 लाख का बजट अब तक नहीं मिला
देवप्रयाग। देवप्रयाग-हिंडोलाखाल ब्लॉक मार्ग पिछले आठ महीनों से गड्ढों के कारण जानलेवा बना हुआ है जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है। शासन-प्रशासन की अनदेखी के चलते स्थिति इतनी बिगड़ गई कि आखिरकार ग्रामीणों को खुद श्रमदान कर सड़क के गड्ढे भरने पड़े।
यह मार्ग गहरे गड्ढों से पट चुका है, जहां दुपहिया वाहन सवार आए दिन गिरकर चोटिल हो रहे हैं, वहीं पैदल चलने वाले राहगीरों के लिए भी आवागमन मुश्किल हो गया है। गौरतलब है कि वर्ष 2008 में पूर्व ब्लॉक प्रमुख कुसुम सजवाण द्वारा इस सड़क का निर्माण कराया गया था, लेकिन पिछले वर्ष जल निगम द्वारा पाइपलाइन बिछाने के लिए की गई खुदाई के बाद सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। उस दौरान तत्कालीन बीडीओ ने यह कहकर सीसी कार्य रुकवा दिया था कि यहां टाइल्स लगाई जाएंगी, लेकिन न तो टाइल्स बिछाई गईं और न ही सड़क की मरम्मत की गई।
क्षेत्रीय विधायक ने भी पहली बीडीसी बैठक में सड़क निर्माण के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की थी, लेकिन सात महीने बीतने के बावजूद यह बजट धरातल पर नहीं उतर सका। प्रशासनिक उदासीनता से परेशान होकर क्षेत्र पंचायत सदस्य अरविंद सजवाण और पूर्व ब्लॉक प्रमुख जयपाल के नेतृत्व में क्षेत्र के युवाओं और बुजुर्गों ने स्वयं मोर्चा संभाला और सामूहिक श्रमदान कर सड़क के गड्ढों को भरकर इसे आवागमन योग्य बनाया।
ग्रामीणों का कहना है कि उनके इस प्रयास से शायद संबंधित विभागों को अब स्थिति की गंभीरता का एहसास हो और जल्द ही स्थायी समाधान की दिशा में कदम उठाए जाएं।