श्रीनगर। टिहरी जिले के विकासखंड कीर्तिनगर में स्थित कड़ाकोट, डागर और लोस्तू क्षेत्र को फल पट्टी घोषित किए जाने के बाद जिला उद्यान विभाग ने अपने स्तर से तैयारी कर ली है। उद्यान विभाग उक्त पट्टियों के केंद्र बिंदु मेें विभिन्न विभागों के साथ मिलकर काश्तकारों के साथ संवाद करेगा। ताकि क्षेत्र के अनुकूल और काश्तकारों की रुचि के मुताबिक योजनाएं तैयार की जा सकें।
विधायक देवप्रयाग विनोद कंडारी की पहल पर विगत अगस्त माह में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत ने डागर, लोस्तू व कड़ाकोट क्षेत्र को फल पट्टी के रुप में विकसित करने की घोषणा की थी। इस संबंध में मुख्यमंत्री कार्यालय ने उद्यान सचिव को कार्रवाई करने के लिए कहा है। जिला उद्यान अधिकारी टिहरी डीके तिवाड़ी ने बताया कि अभी शासन ने फल पट्टी के संबंध में पत्र नहीं मिला है, लेकिन विभाग ने अपनी ओर से कार्रवाई शुरू कर दी है। फल पट्टी के संबंध में ग्रामीणों के साथ गांव में जाकर ही बात की जाएगी। काश्तकार क्या फल उगाना चाहते हैं, यह रायशुमारी की जाएगी। साथ ही ग्रामीणों से सहमति पत्र भी लिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 6 से 8 अक्तूबर तक तीनों पट्टियों के मुख्य स्थानों में बैठक की जाएगी। इसमें राजस्व, लघु सिंचाई और विकास खंड के अधिकारी मौजूद रहेंगे। तिवाड़ी ने बताया कि क्षेत्र का पूरा डाटा संकलित किया जा रहा है।