पाबौ। पुलिस चौकी को थाना बनाने की मांग जोर पकड़ने लगी है। क्षेत्र के नागरिकों और जनप्रतिनिधियों का कहना है कि बढ़ती आबादी और चोरी सहित अन्य घटनाओं के मद्देनजर पुलिस व्यवस्था मजबूत करना जरूरी है। उनका कहना है कि चौकी को थाने में तब्दील करने से क्षेत्र में पुलिस की गश्त बढ़ेगी और अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी।
वर्तमान में पाबौ चौकी क्षेत्र के अंतर्गत पिनानी और भरसार समेत कई दूरस्थ गांव आते हैं। इन गांवों के लोगों को पुलिस संबंधी कार्यों के लिए पौड़ी जाना पड़ता है। स्थानीय लोगों ने बताया कि 27 नए राजस्व गांव जुड़ने के बाद चौकी पर जिम्मेदारी बढ़ जाएगी। वर्तमान में यहां दो हेड कांस्टेबल, तीन होमगार्ड और एक प्रभारी तैनात हैं। करीब 20 हजार की आबादी के लिहाज से पुलिस बल की संख्या कम बताई जा रही है।
स्थानीय महिला पूनम पोखरियाल ने कहा कि 27 नए राजस्व गांव जुड़ने के बाद चौकी को थाना बनाया जाना जरूरी है। इससे अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती होगी और अपराधों पर नियंत्रण में मदद मिलेगी। पूर्व ब्लॉक प्रमुख डॉ. रजनी रावत ने कहा कि क्षेत्र में चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं। चौकी को थाना बनाने से पुलिस को शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहूलियत मिलेगी।
एसएसपी सर्वेश पंवार का कहना है कि जिले की दो चौकियों के विस्तार का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। पाबौ चौकी निर्धारित मानकों को पूरा करती है तो इसे थाना बनाने का प्रस्ताव भी तैयार किया जाएगा।