नगर पालिका विस्तारित क्षेत्र के श्रीकोट गंगानाली के स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग की चौड़ाई साढ़े बारह मीटर करने की मांग की है। उन्होंने रोष जताया कि वर्तमान में राजमार्ग को मात्र 10 मीटर (7 मीटर ब्लैक टॉप व डेढ़-डेढ़ मीटर फुटपाथ) चौड़ा किया जा रहा है। जो सड़क पर वाहनों और लोगों के बढ़ते दबाव को देखते हुए पर्याप्त नहीं है। उन्होंने इस संबंध में डीएम को ज्ञापन भी भेजा है।
वर्तमान में श्रीकोट में ऑल वेदर रोड परियोजना के तहत बदरीनाथ राजमार्ग का सुधारीकरण काम चल रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां साढ़े 12 मीटर चौड़ाई के हिसाब से सड़क के दोनों ओर छायादार पेड़ काटे गए, लेकिन कार्यदायी संस्था लोनिवि राष्ट्रीय राजमार्ग खंड दोनों ओर फुटपाथ व सर्विस डक्ट सिर्फ 10 मीटर चौड़ी सड़क का निर्माण कर रहा है। जबकि क्षेत्रवासी चाहते हैं कि सड़क चौड़ी और आरामदायक हो। उन्होंने कहा कि सड़क पर लगातार वाहनों का दबाव बढ़ता जा रहा है। पार्किंग और फुटपाथ की भी समस्या है। 10 मीटर चौड़ी सड़क में मात्र 7 मीटर चौड़ी सड़क वाहनों के आवागमन के लिए उपलब्ध रहेगी। वर्तमान में श्रीकोट में व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान सड़क से काफी दूर बनाए हैं। इस वजह से सड़क काफी चौड़ी है, लेकिन ऑल वेदर रोड बनने के बाद यह संकरी हो जाएगी। उक्त परिस्थितियों को देखते हुए मात्र 10 मीटर चौड़ी सड़क बनाना औचित्यहीन है। ज्ञापन में विनोद शैली, विनोद लिंगवाल, महावीर बहुगुणा, केडी जोशी, राम सिंह पुंडीर, अर्जुन सिंह, चंद्रभूषण सेमवाल, प्रमोद कोठियाल, पंकज नैथानी, आनंद मोहन बहुगुणा, योगेंद्र कांडपाल, प्रताप मेवाड़, बबलू रावत व प्रेम सिंह बुटोला आदि के हस्ताक्षर हैं।