लोगों का कहना-निजी वाहनों में देना पड़ रहा अधिक किरायासंवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। नगर निगम श्रीनगर के वार्ड 40 बिल्वकेदार क्षेत्र में सिटी बस संचालन नहीं होने से ग्रामीणों में रोष है। ग्रामीणों का कहना है कि नगर निगम में शामिल किए जाने के बाद भी उन्हें मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। बिल्वकेदार से श्रीनगर आने-जाने वाले लोगों और छात्र-छात्राओं को निजी वाहनों से अधिक किराया खर्च करना पड़ता है। लोगों का कहना है कि जब 31 अक्तूबर से नगर क्षेत्र में सिटी बस का संचालन किया जा रहा है तो फिर बिल्वकेदार में ही क्यों नहीं। उन्होंने सिटी बस का एक निर्धारित समय तय कर बिल्वकेदार और सेमला तक संचालन की मांग की।
दिगम्बर सिंह रावत ने कहा कि इस संबंध में कई बार पार्षद से शिकायत की गई लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। सिटी बस सुविधा का लाभ संपूर्ण नगर निगम क्षेत्र में होना चाहिए। रीना रावत का कहना है कि निगम को सेमला क्षेत्र तक बस सुविधा उपलब्ध करानी चाहिए। ग्रामीण क्षेत्रों को इस बस की ज्यादा जरूरत है। शहरी क्षेत्र में तो परिवहन की अन्य सुविधाएं उपलब्ध हैं। दीपक कुमार ने कहा कि बिल्वकेदार क्षेत्र से श्रीनगर आने-जाने में लोगों एवं छात्रों को अधिक किराया देकर जाना पड़ता है। सिटी बस सुविधा का लाभ कम से कम निगम क्षेत्र में शामिल लोगों को तो मिलना ही चाहिए। वहीं वार्ड 40 के पार्षद संदीप रावत ने कहा कि स्थानीय लोग लगातार क्षेत्र में सिटी बस संचालन की मांग कर रहे हैं। इसके हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं मेयर आरती भंडारी ने कहा कि रूट मैप अभी कीर्तिनगर तक का ही है। अभी सिटी बस सेवा की शुरुआत की गई है। जैसे-जैसे सवारियां बढ़ेंगी रूट मैप में बदलाव कर बिल्वकेदार तक भी सिटी बस का संचालन किया जाएगा।