जिला चिकित्सालय में आईसीयू (इनसेंसटिव केयर यूनिट) का संचालन शुरू हो गया है। चिकित्सालय में अब गंभीर रुप से बीमार मरीजों को अत्याधुनिक जीवन रक्षक उपकरणों के सहयोग से तत्काल उपचार मिलेगा। चिकित्सालय में बने आईसीयू का निर्माण हंस फाउंडेशन ने किया है।
सोमवार को जिला चिकित्सालय पौड़ी में बने आईसीयू का शुभारंभ मुख्य अतिथि उच्च शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत ने किया। इस दौरान चिकित्सकों ने डा. रावत व विधायक पौड़ी मुकेश कोली का स्वास्थ्य परीक्षण किया। उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार पौड़ी की रौनक को लौटने की दिशा में लगातार ठोस प्रयास कर रही है। हंस फाउंडेशन की मदद से जिला चिकित्सालय में बना आईसीयू चिकित्सा सेवा का नया आयाम देगा। स्वास्थ्य महानिदेशक डा. आरके पांडे ने कहा कि जिला चिकित्सालय प्रशासन को आईसीयू के सुचारु संचालन को लेकर निर्देश दे दिए गए हैं। हंस फाउंडेशन के अपर निदेशक डा. जीबी राव ने बताया कि प्रदेश में फाउंडेशन की ओर से चार आईसीयू बनाए जा रहे हैं। जो सरकार के सहयोग से संचालित किए जाएंगे। इस अवसर पर विधायक पौड़ी मुकेश कोली, पालिकाध्यक्ष यशपाल बेनाम, डीएम धीराज सिंह गर्ब्याल, एसएसपी दलीप सिंह कुंवर, एडीएम डा. एसके बरनवाल, एएसपी प्रदीप कुमार राय, सीएमाओ डा. बीएस जंगपांगी, प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक जिला चिकित्सालय डा. आरएस राणा, एसीएमओ डा. एचसीएस मर्तोलिया, सीएमएस डा. मेघना असवाल, डा. जागृति भाटिया, नितिनी थपलियाल, एसडीएम सदर मनीष कुमार, सीओ सदर अनिल कुमार जोशी आदि मौजूद थे। आईसीयू के लोकार्पण से पहले चिकित्सालय में एक्स-रे व अल्ट्रासाउंड सेवा बंद रही। जिससे मरीजों को परेशानियों से भी जूझना पड़ा।
ये हैं सुविधाएं
पौड़ी। जिला चिकित्सालय में बना आईसीयू चार बेड का है। विश्व स्तरीय मानक एवं नियमावली के अनुरूप वेंटीलेटर, कार्डिक मॉनिटर, सीएसआर सिस्टम, डिजिटल एक्स-रे, बायोकैमेस्ट्री लैब सहित अन्य सुविधाएं हैं।
आईसीयू में निश्चेतक डा. राघव राज को इंचार्ज बनाया गया है। उनके सहयोग के लिए चार स्टाफ नर्स सेवाएं देंगी।
आउटसोर्स के माध्यम से जल्द ही आईसीयू में स्टाफ नर्स नियुक्ति होंगी। जिन्हें जिला योजना से वेतन प्रदान किया जाएगा।
मौसम रहा खराब, नहीं पहुंचे मुख्यमंत्री
पौड़ी। जिला चिकित्सालय में बने आईसीयू का लोकार्पण मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने करना था। लेकिन खराब मौसम के चलते उनके आगमन का कार्यक्रम रद्द हुआ।