श्रीनगर। श्रीनगर में सरकारी सस्ते गल्ला विक्रेताओं की दुकानों पर इन दिनों ई-केवाईसी कराने वालों की भीड़ उमड़ रही है। पूर्ति निरीक्षक कार्यालय की ओर से सभी विक्रेताओं को निर्देश दिए गए हैं कि वे उपभोक्ताओं के राशन कार्डों की ई-केवाईसी प्रक्रिया 30 नवंबर तक हर हाल में पूरी कराएं। पूर्ति निरीक्षक भानू प्रताप रावत ने बताया कि निर्धारित तिथि तक सभी उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी अनिवार्य रूप से पूरी की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि दीपावली अवकाश के बाद से दुकानों पर उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लग रही हैं। कई परिवार अपने बच्चों के शहर से घर लौटने के बाद पूरे परिवार का सत्यापन एक साथ करा रहे हैं।