पौड़ी। जिला मुख्यालय में कोटद्वार मार्ग पर एक दुकान में चोरी का प्रयास करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने दबोच लिया है। दुकानदार ने पुलिस को बीते सोमवार की रात में दुकान का शटर तोड़े जाने की तहरीर दी। पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। कोतवाली पौड़ी के प्रभारी लक्ष्मण सिंह कठैत ने बताया कि लोअर चोपड़ा निवासी विजय बमोला ने बीते सोमवार को पौड़ी-कोटद्वार मार्ग पर स्थित उनकी मोबाइल की दुकान का रात को शटर तोड़ने को लेकर शिकायत दर्ज करवाई थी। जिस पर पुलिस ने टीम बनाकर छानबीन शुरू की। छानबीन के दौरान बिजनौर निवासी अजहर और हरियाणा निवासी रामपुत्र ने चोरी करने को लेकर दुकान का शटर तोड़ने का जुल्म कबूला है। बताया कि दोनो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।