बरसात के चलते पांच महीने से बंद कार्बेट नेशनल पार्क रविवार से देश-विदेश के पर्यटकों के लिए खुल जाएगा। पार्क प्रशासन को डेढ़ माह की एडवांस बुकिंग मिली है जो पर्यटकों ने आनलाइन करवाई है। ढिकाला में विदेशी पर्यटकों ने फारेस्ट गेस्ट हाउस भी बुक करा लिए हैं।
पार्क के उपनिदेशक डॉ. साकेत बडोला के अनुसार इस बार सांभर रोड को खास तरीके से पर्यटकों के लिए तैयार किया गया है। इस मार्ग पर हिरन, चीतल, बाघ, हाथी, सांभर के खूब दीदार होते हैं। पर्यटकों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो चुका है।
पार्क में सबसे अधिक व्यस्त रहने वाला पर्यटन जोन ढिकाला है। इसके बाद दूसरा जोन बिजरानी है। झिरना पर्यटन जोन पूरे साल खुला रहता है। पार्क में रात्रि विश्राम की सुविधा 15 नवंबर से ही दी जाती है।