श्रीनगर। अलकनंदा ठेकेदार वेलफेयर समिति ने बड़ी निविदाओं का विरोध कर निर्माण कार्यों की छोटी निविदाएं जारी करने की मांग की है। ठेकेदार संगठन ने सांसद और डीएम को भेजे ज्ञापन में कहा कि लोक निर्माण विभाग कीर्तिनगर में करीब 300 ठेकेदार पंजीकृत है, लेकिन दो वर्षों से उन्हें काम नहीं मिल पा रहा है।
ठेकेदारों ने कहा कि विगत दो वर्षों से क्षेत्र के करीब 60 फीसदी मोटर मार्गों का निर्माण कार्य पीएमजीएसवाई के तहत करवाया जा रहा है। यह निर्माण कार्य बड़े ठेकेदारों और बाहरी कंपनियों को दिए जा रहे हैं। इससे लोक निर्माण विभाग में पंजीकृत सी और डी श्रेणी के ठेकेदार बेरोजगार हो चुके हैं, लेकिन सरकार उनकी परवाह न कर बड़े ठेकेदारों पर ध्यान दे रही है। ठेकेदार संगठन के अध्यक्ष चिरंजीव लाल पुंडीर ने कहा कि अब देश में कोरोना संक्रमण के कारण जारी लॉकडाउन भी उन पर भारी पड़ रहा है। एक ओर सरकार रोजगार देने की बात कर रही है। वहीं दूसरी ओर बड़े ठेकेदारों और बाहरी कंपनियों को काम देकर स्थानीय लोगों को बेरोजगार किया जा रहा है। ठेकेदार संगठन ने ज्ञापन के माध्यम से डीएम और सांसद से निर्माण कार्यों की छोटी-छोटी निविदाएं जारी किए जाने की मांग की है।