सोमवार को जिला अस्पताल में अपनी बारी का इंतजार करते मरीज। संवाद
दूषित पानी और बढ़ती गर्मी से उल्टी-दस्त के मरीज बढ़े
पौड़ी। बढ़ती गर्मी और कई क्षेत्रों में दूषित पेयजल आपूर्ति के कारण पौड़ी और आसपास के इलाकों में बीमारियां बढ़ने लगी हैं। जिला अस्पताल में सोमवार को उल्टी-दस्त, बुखार, खांसी, निमोनिया और सांस संबंधी समस्याओं से पीड़ित मरीजों की संख्या में इजाफा दर्ज किया गया। सोमवार को जिला अस्पताल में 200 से अधिक मरीज पहुंचे।
जिला अस्पताल में सोमवार को 434 मरीजों ने ओपीडी में पंजीकरण कराया। सुबह से ही विशेषज्ञ चिकित्सकों के कक्षों के बाहर मरीजों की लंबी कतारें लगी रहीं। चिकित्सकों के अनुसार इन दिनों खासकर बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों में डायरिया, मौसमी बुखार और श्वास संबंधी बीमारियों के मामले अधिक सामने आ रहे हैं।
फिजिशियन डॉ. आनंद खंकरियाल के पास 200 से अधिक मरीज उपचार और परामर्श के लिए पहुंचे। उन्होंने बताया कि दूषित पानी और मौसम में तेजी से हो रहे बदलाव के कारण उल्टी-दस्त और निमोनिया के मामले बढ़ रहे हैं जबकि बुजुर्गों में सांस संबंधी दिक्कतें अधिक देखी जा रही हैं।
चिकित्सकों ने लोगों से उबला या स्वच्छ पानी पीने, बाहर का खाना खाने से बचने और ताजा व संतुलित भोजन लेने की सलाह दी है। साथ ही टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत संदिग्ध मरीजों के एक्सरे भी किए जा रहे हैं।