पौड़ी में विश्व उपभोक्ता दिवस पर आयोजित किया गया कार्यक्रम
पौड़ी। जिला मुख्यालय में कार्यालय एवं जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग की ओर से विश्व उपभोक्ता दिवस पर रविवार को जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कंडोलिया रोड स्थित कार्यालय एवं जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग में सुरक्षित उत्पाद, आत्मविश्वासी उपभोक्ता थीम पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। आयोग के अध्यक्ष गगन कुमार गुप्ता के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम में आयोग के सदस्य राकेश सामवेदी व दीप्ति भंडारी ने बताया कि आयोग उपभोक्ताओं को जागरूक बनाने और उनकी समस्याओं के समाधान को लेकर लगातार कार्य कर रहा है। बताया कि नवंबर 2024 से अभी तक आयोग ने 58 वादों का निस्तारण किया है।
विभिन्न मामलों के उपभोक्ताओं को एक करोड़ 32 लाख 40 हजार 232 रुपये की राहत दिलवा चुका है। इस अवसर पर आशीष जोशी, गौरव कुमार, दीपक नौटियाल आदि मौजूद रहे। संवाद