पीड़ित परिवार की शिकायत पर एसएसपी ने की कार्रवाई
मामले की जांच सीओ सदर पौड़ी को सौंपी
संवाद न्यूज एजेंसी
पौड़ी। एक सिपाही की ओर से जीएमओयू बस के परिचालक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित ने इसकी शिकायत एसएसपी से की। एसएसपी श्वेता चौबे ने कोतवाली पौड़ी में तैनात सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया और मामले की जांच सीओ सदर पौड़ी को सौंप दी। वहीं मारपीट की घटना पर जीएमओयू के कर्मचारियों ने नाराजगी जताते हुए दोषी पुलिसकर्मी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग उठाई।
बीते रविवार 27 अगस्त की रात को जीएमओयू बस का परिचालक सोहन सिंह रावत बस में सो रहा था। इसी दौरान रात्रि गश्त कर रहे एक सिपाही ने उसे बस से बाहर आने को कहा और अचानक मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद सिपाही वहां से चला गया। मंगलवार को सोहन सिंह पत्नी के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंचे और एसएसपी श्वेता चौबे से मामले की शिकायत की। सभासद अनिता रावत, कांग्रेस नेता दीपक असवाल ने भी एसएसपी से मामले में कार्रवाई की मांग की। इस पर एसएसपी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कोतवाली पौड़ी में तैनात सिपाही मनोज को लाइन हाजिर कर दिया। कहा कि सिपाही ने परिचालक के साथ मारपीट क्यों की यह जांच के बाद ही पता चल सकेगा। वहीं जीएमओयू के पर्यटन अधिकारी अनिल बरगली ने बस परिचालक के साथ हुई घटना को निंदनीय बताया। उन्होंने आरोपी पुलिस कर्मी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई।