मढी चौरास मे कम्युनिटी सेंटर का शुभारंभ करतें विधायक विनोद कंडारी
- फोटो : SHRINAGAR
विकासखंड कीर्तिनगर के मढ़ी चौरास में कम्युनिटी हेल्थ सेंटर शुरू हो गया है। यह केंद्र राजकीय मेडिकल कॉलेज श्रीनगर के कम्युनिटी मेडिसिन विभाग के अधीन संचालित होगा।
मंगलवार को विधायक देवप्रयाग विनोद कंडारी ने कम्युनिटी हेल्थ सेंटर का शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने केंद्र को विधायक निधि से स्वीकृत एंबुलेंस भी सौंपी। कार्यक्रम में कंडारी ने कहा कि अब चौरास में मेडिकल कॉलेज की ओपीडी (वाह्य रोगी विभाग) संचालित होने से क्षेत्रवासियों को छोटी-मोटी बीमारियों के लिए बड़े अस्पतालों की ओर नहीं भागना पड़ेगा। कॉलेज के विशेषज्ञ डॉक्टर चौरास में उपलब्ध रहेंगे। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. सीएम रावत ने बताया कि कम्युनिटी हेल्थ सेंटर में कम्युनिटी मेडिसिन विभाग के विशेषज्ञ डॉक्टर मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण करेंगे। केंद्र में तीन दिन सहायक प्रोफेसर डा. अमित महतो और तीन दिन डा. सारिका बैठेंगी। इसके अलावा जूनियर रेजीडेंट डॉक्टर व पैरामेडिकल स्टाफ भी रहेगा। दवाईयों के साथ सामान्य जांच भी की जाएंगी। (ब्यूरो)