नगर क्षेत्र में विगत एक सप्ताह से बीएसएनएल की संचार सेवा ठप होने से स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है। लोगों का कहना है कि बैंक में लेनदेन न होने व तहसील में प्रमाणपत्रों के लिए पहुंचे लोगों को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है।
पालिका व तहसील मुख्यालय देवप्रयाग में आए दिन बीएसएनएल की संचार सेवा से लोग परेशान है। यहां सीएससी केंद्र का संचालन कर रहे सुधीर ध्यानी ने कहा कि एक माह से बीएसएनएल की कनेक्टिविटी न होने से कार्य प्रभावित हो रहे है। दूर दराज क्षेत्रों से पहुंचे लोगों के आवश्यक दस्तावेज व प्रमाणपत्र नहीं बन पा रहे है। जबकि बैंकों से भी लोगों को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। तीर्थ पुरोहित समाज ने भी बीएसएनएल की सेवा पर नाराजगी जताई है। दूसरी ओर बीएसएनएल के एसडीओ सलीम अख्तर ने बताया कि ब्रॉडबैंड सेवा को सुचारु करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही दूर संचार सेवा भी सामान्य हो जाएगी।