पौड़ी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डीएलएसए) की पहल पर जीआईसी पौड़ी नगर में एंटी ड्रग यूनिट का गठन किया गया। न्यायिक सेवा के अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं को नशा एवं नशे के दुष्प्रभावों की जानकारियां दीं। विद्यालय के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में सिविल जज/सचिव डीएलएसए नाजिश कलीम ने यूनिट के उद्देश्य, कार्यप्रणाली व क्रियान्वयन की विस्तार से जानकारी दीं। कहा कि यूनिट का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाना और समाज में जागरूकता लाना है। बताया कि यूनिट विद्यालय स्तर पर एक सक्रिय जागरूकता व निगरानी समूह के रूप में कार्य करेगी। यूनिट की ओर से समय-समय पर जागरूकता रैलियां, गोष्ठियां, निबंध एवं पोस्टर प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। उन्होंने छात्रों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही नालसा की थीम एक मुट्ठी आसमान और तुम गिरना मत विषय पर शॉर्ट वीडियो के माध्यम से कार्यक्रम के बारे में बताया। इस मौके पर बीईओ मास्टर आदर्श, प्रधानाचार्य वेद प्रकाश डोभाल, रामेश्वर प्रसाद डोबरियाल, अभिषेक नेगी, अरुण आदि मौजूद रहे।