क्षेत्र के होनहारों ने आईआईटी-जेम 2021 (भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान-एमएससी के लिए संयुक्त प्रवेश परीक्षा) में उच्च रैंक हासिल कर क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। यह मेधावी प्रतिभाएं देश के प्रतिष्ठित प्रौद्योगिकी संस्थानों से एमएससी करेंगे।
सरकारी विद्यालय से पढ़े नितिन चमोला ने आईआईटी-जेम के गणित वर्ग में अखिल भारतीय स्तर पर 142वीं रैंक हासिल की है। नितिन ने इंटर तक की पढ़ाई जीआईसी श्रीनगर से की है। वर्तमान में वह एचएनबी गढ़वाल केंद्रीय विवि से बीएससी कर रहे हैं। उनके पिता अखिलेश चंद्र चमोला जीआईसी सुमाड़ी में हिंदी के शिक्षक हैं।
कीर्तिनगर के सांक्रो चौरास के शशि प्रकाश घिल्डियाल के बेटी महिमा ने गणित वर्ग में अखिल भारतीय स्तर पर 15वीं रैंक हासिल की है। महिमा के पिता बीएसएफ में कार्यरत हैं। महिमा के चाचा ऋषि घिल्डियाल और गढ़वाल विवि शिक्षणेत्तर कर्मचारी परिषद के महासचिव रविंद्र सिलवाल ने बताया कि उसने हाईस्कूल एवं इंटर चौरास स्थित एक निजी स्कूल से उत्तीर्ण किया है। दोनों कक्षाओं में वह टॉपर रहीं हैं। वर्तमान में वह दिल्ली विवि से बीएससी गणित (आनर्स) कर रही है।
श्रीनगर के ही क्षितिज बहुगुणा ने भौतिकी वर्ग में 179 रैंक हासिल की है। क्षितिज की इंटर तक की पढ़ाई श्रीनगर के एक निजी स्कूल से हुई है। उन्होंने बीएससी करने के साथ ही आईआईटी की तैयारी की, जिसमें वह सफल रहे। क्षितिज के पिता रेवती नंदन सिविल इंजीनियर है। क्षितिज वैज्ञानिक बनना चाहते हैं।
शहर के रितेश पांडे ने भौतिकी वर्ग में 526वीं रैंक हासिल की है। रितेश बीएससी की पढ़ाई करने के साथ ही यहां एक कोचिंग सेंटर में पढ़ाते हैं। इंटर उत्तीर्ण करने के बाद उनका आईआईटी में चयन हुआ था, लेकिन पसंदीदा विषय न मिलने की वजह से उन्होंने प्रवेश नहीं लिया। उनका इसरो में वैज्ञानिक बनने का लक्ष्य है।