श्रीकोट गंगानाली स्थित परिष्कारम पब्लिक स्कूल का वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर बच्चों ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष पूनम तिवाड़ी, सेवानिवृत्त बीडीओ केके थपलियाल, डा. अरुण कुकसाल, वार्ड सभासद संजय कुमार और पूर्व प्रधान हयात सिंह झिंक्वाण ने किया।
विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में नर्सरी, एलकेजी और यूकेजी के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गानों पर नृत्य प्रस्तुत किया। कक्षा 2 और 5 वीं के बच्चों ने भारत के विभिन्न राज्यों की संस्कृति को दिखाता हुआ मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। नन्हे-मुन्हे बच्चों ने प्वां बाघा रे और थलकी बाजार पर दर्शकों को झूमने को मजबूर कर दिया। वहीं, युवा रंगकर्मी अरविंद टम्टा द्वारा निर्देशित नाटक प्यासा कौवा में बच्चों ने अपने अभिनय की ओर दर्शकों का ध्यान खींचा। देवज्ञ, ख़ुशी, होमजा, अनंत व प्रमिला को इंटरनेशनल मैथ्स व इंग्लिश ओलंपियाड एग्जाम में उत्तरप्रदेश/उत्तराखंड जोन में बेहतरीन प्रदर्शन और गौरव, प्रतिष्ठा, ख़ुशी व लव को शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए सम्मानित किया गया। मंच संचालन कक्षा पांच के रुद्र, कामाक्षी, गौरव, प्रतिष्ठा एवं कक्षा दो की खुशी, देवज्ञ व होमजा और शिक्षिका नीमा सती ने संयुक्त रुप से किया। इस अवसर पर सोहन लाल, श्री नारायण ट्रस्ट श्रीकोट के संस्थापक डा. बीसी पांडेय, प्रो. शशि किरण पांडेय और प्रधानाचार्या श्रीमती रेखा पांडेय आदि मौजूद थे।