पाबौ। लगभग एक वर्ष के इंतजार के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अल्ट्रासाउंड जांच सुविधा दोबारा शुरू होने जा रही है। मशीन स्थापित होने से आसपास के 100 से अधिक गांवों के लोगों को अब स्थानीय स्तर पर ही जांच सुविधा मिल सकेगी।
पहले यह सेवा महंत इंद्रेश अस्पताल की ओर से पीपीपी मोड पर संचालित की जा रही थी लेकिन अनुबंध समाप्त होने के बाद क्षेत्रवासी महत्वपूर्ण सुविधा से वंचित हो गए थे। मशीन बंद होने से गर्भवती महिलाओं और अन्य मरीजों को जांच के लिए पौड़ी मुख्यालय या अन्य शहरों का रुख करना पड़ता था। पूर्व ब्लॉक प्रमुख डॉ. रजनी रावत ने कहा कि अल्ट्रासाउंड सेवा पुनः शुरू होने से विशेषकर गर्भवती महिलाओं को बड़ी राहत मिलेगी। सीएचसी प्रभारी डॉ. पंकज ने बताया कि प्रत्येक शुक्रवार को अल्ट्रासाउंड जांच की जाएगी। संवाद