पहली बार निकाली गई भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। इस्कॉन की ओर से श्रीनगर में पहली बार भगवान श्रीजगन्नाथ महाप्रभु की भव्य रथयात्रा बृहस्पतिवार को उल्लास के साथ निकाली गई। रथयात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे शहर में जय जगन्नाथ के जयघोष गूंजते रहे और भक्ति गीतों व हरिनाम संकीर्तन से माहौल भक्तिमय बना रहा।
बृहस्पतिवार को रथयात्रा का शुभारंभ सराफा धर्मशाला से हुआ। इसके बाद भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और माता सुभद्रा की सुसज्जित प्रतिमाओं से सुसज्जित रथ गोला बाजार, गणेश बाजार और बांसवाड़ा होते हुए नगर भ्रमण पर निकला। श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर रथयात्रा का स्वागत किया और जगह-जगह आरती उतारकर दर्शन किए। यात्रा के दौरान श्रद्धालु नृत्य, भजन-कीर्तन और हरिनाम संकीर्तन में लीन रहे। महिलाओं, युवाओं और बच्चों ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। पूरे मार्ग पर भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया। आयोजकों ने बताया कि भविष्य में भी इस रथयात्रा को और अधिक भव्य स्वरूप में आयोजित किया जाएगा। रथयात्रा के शांतिपूर्ण और सफल आयोजन को लेकर पुलिस एवं प्रशासन भी पूरे समय मुस्तैद रहा।