पौड़ी में डीएम धीराज सिंह गर्ब्याल से मतदान के लिए दबाव की शिकायत करती क्षेपं सदस्य।
- फोटो : PAURI
विकासखंड पाबौ के दो क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने नवनिर्वाचित प्रमुख व उनके पति पर मतदान के लिए दबाव डालने और प्रमाणपत्र छीनने का आरोप लगाया है। जिलाधिकारी ने सीडीओ को मामले की जांच सौंपते हुए दोनों क्षेत्र पंचायत सदस्यों को सुरक्षा देने के निर्देश दिए हैं।
विकासखंड पाबौ की क्षेत्र पंचायत सीट गड़िगांव से सदस्य स्वाति और ताल सीट से सदस्य सरोजनी देवी ने डीएम पौड़ी धीराज सिंह गर्ब्याल से मुलाकात की। इस मौके पर दोनों सदस्यों ने कहा कि ब्लाक प्रमुख पद पर मतदान के लिए नवनिर्वाचित प्रमुख व उनके पति द्वारा उन पर लगातार दबाव डाला गया। उनके घर में आकर पैसों का प्रलोभन भी दिया, साथ ही उनके प्रमाणपत्र भी छीन लिये। उन्होंने कहा कि 21 अक्तूबर को निर्वाचित होने के बाद लगातार उनका दबाव उन्हें मानसिक रुप से परेशान करता रहा। अब उन्हें घर से बाहर जाने में भी डर लग रहा है। जिलाधिकारी से उन्होंने सुरक्षा की मांग भी की। डीएम गर्ब्याल ने बताया कि मतदान के लिए दबाव दिए जाने के मामले में सीडीओ पौड़ी को जांच सौंपी दी गई है। एसएसपी पौड़ी को दोनों क्षेत्र पंचायत सदस्यों को सुरक्षा प्रदान किए जाने के निर्देश भी दिए गए हैं।