शिक्षा विभाग के अपर निदेशक के निवास पर चोरों ने वीरवार रात्रि को चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने वीरवार रात्रि को अपर निदेशक (प्राइमरी) एसपी खाली, अपर निदेशक (माध्यमिक) एके नौडियाल तथा विधि अधिकारी जीपी अवस्थी के पौड़ी निवास के ताले तोड़ दिए। पुलिस ने घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट की मदद भी ली।
जानकारी के अनुसार चोरों ने अधिकारियों के बेडरूम में आलमारी और अन्य सामान की तलाशी ली, जिसके कारण सारा सामान इधर-उधर बिखरा हुआ था। क्षेत्राधिकारी धन सिंह तोमर ने बताया कि ताले तोड़ने के पीछे क्या उद्देश्य था, इसका अब तक पता नहीं लग पाया है। जांच के दौरान सामने आया है कि किसी तरह का सामान चोरी नहीं हुआ है। अधिकारियों के निवास पर जो सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, वे भी कुछ दिनों से बंद पड़े हुए हैं। ऐसे में पुलिस के लिए इस केस को सुलझाना चुनौती साबित हो गया है।
ताले तोड़ने का यह भी हो सकता है उद्देश्य
अशासकीय विद्यालयों की जांच भी अपर निदेशक प्राइमरी व माध्यमिक कर रहे हैं। ऐसे में यह भी शक जताया जा रहा है कि चोर इन्हीं फाइलों की तलाशी करने आए थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
स्टोर के ताले टूटते तो गायब हो जाता सारा रिकार्ड
थाना कोतवाली के इंचार्ज केसी भट्ट ने बताया कि चोरों ने तीनों अधिकारियों के कमरों के ताले तोड़े, लेकिन सामान कुछ भी गायब नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि अशासकीय विद्यालयों व प्राइवेट विद्यालयों की फाइलें स्टोर में रखी थीं। यदि यहां के ताले टूटते तो काफी मुश्किलें खड़ी हो सकती थी।