जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास केंद्र पौड़ी में आयोजित शिविर के दौरान वीर नारी को शॉल ओढ़ाकर सम
पौड़ी। शहीद दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से शुक्रवार को जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास केंद्र में विधिक जागरूकता एवं विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान देश की रक्षा में अपने प्राणों का बलिदान देने वाले चार बलिदानी सैनिकों की वीर नारियों व आश्रितों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में नालसा वीर परिवार सहायता योजना के तहत वीर नारियों कांति देवी, छैला देवी, सुशीला देवी एवं कल्पेश्वरी देवी को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। साथ ही अमर बलिदानियों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर सिविल जज (सी.डी.)/ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव नाजिश कलीम ने नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बलिदानियों के आश्रितों के सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सदैव प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर जिला सैनिक कल्याण अधिकारी मेजर (सेवानिवृत्त) करन सिंह रावत सहित अन्य पूर्व सैनिक आदि मौजूद रहे।
शहीद दिवस पर जिले भर में बलिदानियों दी श्रद्धांजलि
पौड़ी। शहीद दिवस एवं महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर जिला मुख्यालय सहित जनपद के सभी तहसील एवं ब्लॉक मुख्यालयों में स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानियों को श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर दो मिनट का मौन रखकर उनके त्याग और बलिदान को स्मरण किया गया।जिला कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी अनिल गर्ब्याल ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों का बलिदान राष्ट्र के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। पुलिस लाइन में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी सहित देश की स्वतंत्रता, एकता एवं अखंडता की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले को श्रद्धांजलि दी।