लुकुंग (लद्दाख)। लद्दाख दौरे के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गलवां झड़प में पराक्रम दिखाने वाले जांबाज सैनिकाें को बुलाकर उनकी पीठ थपथपाई थी। सेना की 14वीं कोर के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल हरिंदर सिंह ने जैसे ही रक्षा मंत्री को उन जांबाजों से मिलाया तो राजनाथ सिंह ने कहा ‘शाबाश, मेरी ओर से आप सभी को बहुत-बहुत बधाई और शुभकामनाएं।’
रक्षा मंत्री के साथ उस समय चीफ आफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत, सेना अध्यक्ष जनरल एमएम नरवणे, उत्तरी कमान प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल योगेश कुमार जोशी और अन्य वरिष्ठ अफसर मौजूद थे। जून माह में इन पांच सैनिकों को सेना अध्यक्ष ने कमेंडेशन कार्ड्स देकर सम्मानित किया था। गौरतलब है कि 15 जून को गलवां घाटी में चीनी सैनिकों के साथ झड़प में कर्नल सहित 20 सैनिक शहीद हो गए थे। चीन ने अपने नुकसान का खुलासा तो नहीं किया है लेकिन अमेरिकी इंटेलिजेंस रिपोर्ट में 35 चीनी सैनिकों के मारे की बात कही गई थी।