फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pauri News: देवप्रयाग में विसर्जित कीं विदेशी छात्र की अस्थियां

विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन


देवप्रयाग। जर्मनी में सड़क हादसे में मौत का शिकार हुए केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, श्री रघुनाथ कीर्ति परिसर के छात्र भक्त कृष्ण की अस्थियां देवप्रयाग संगम पर गंगा में विसर्जित की गयीं। विदेशी छात्र भक्त कृष्ण के दोस्तों ने यह कार्य किया। इसके बाद गमगीन वातावरण में परिसर में श्रद्धांजलि दी गयी। भक्त कृष्ण जर्मनी का नागरिक था और 2018 में श्री रघुनाथ कीर्ति परिसर में प्राक्शास्त्री में प्रवेश लिया और शास्त्री तक की पढ़ाई की। इसके बाद वह जर्मनी चला गया था। वह इसी परिसर से व्याकरण से आचार्य करना चाहता था, किंतु 11 नवंबर को जर्मनी में वह कार दुर्घटना में उसकी मौत हो गई। वहां सनातन परंपरा से भक्त कृष्ण का दाहसंस्कार किया गया। भक्त कृष्ण का मूल नाम पीटर लोफर था और सनातन धर्म से प्रभावित होकर उसने इसी धर्म को स्वीकार कर लिया था। इसलिए उसके माता-पिता, परिजनों तथा दोस्तों ने सनातनी परंपरा के अनुसार अंत्येष्टि की। गंगा में भक्त कृष्ण की अस्थियां प्रवाहित करने के बाद मित्र सौरभ अग्निपुरोहित, सरेंद्रन तथा सुगेंद्रन विवि आए। श्रद्धांजलि सभा में निदेशक प्रो. पीवीबी सुब्रह्मण्यम ने भक्त कृष्ण से जुड़े संस्मरण बताए। भक्त कृष्ण का संस्कृत और अंग्रेजी भाषा में रिकॉर्डेड वीडियो भी सुनाया गया, जिसमें उन्होंने संस्कृत, सनातनी परंपरा और भारतीय दर्शन के प्रति आकर्षित होने के कारण बताए थे। इससे पहले भक्तकृष्ण के मित्रों ने उसके सहपाठी रहे मोहित शर्मा इत्यादि छात्रों तथा उसके अध्यापकों डॉ. श्रीओम शर्मा, डॉ.वीरेंद्र सिंह बर्त्वाल और डॉ. अवधेश बिजल्वाण आदि से भक्तकृष्ण से जुड़े संस्मरण सुने। उन्होंने भक्तकृष्ण के देवप्रयाग स्थित आवास के सामान को परिसर को ही दान करने का निर्णय लिया, ताकि वह किसी जरूरतमंद छात्र को दिया जा सके।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें