अपर कालाबड़ क्षेत्र में शनिवार रात तीन चोरों ने एक घर के बरामदे से बाइक चोरी कर ली। चोरों ने घटना को बड़े आराम से अंजाम दिया। चोरी की पूरी घटना एक व्यापारी के गोदाम के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज हासिल कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर लिया जाएगा। चोर बाइक के लॉक तोड़ने में एक्सपर्ट प्रतीत हो रहे हैं। यह भी आशंका जताई जा रही है कि उनके संबंध बाहर के वाहन चोर गिरोह से हो सकते हैं।
गोविंदनगर निवासी दीपक सिंह पुत्र कश्मीर सिंह शनिवार रात अपने बड़े भाई बृजपाल राजपूत के अपर कालाबड़ स्थित आवास पर गए थे। अपनी बाइक उन्होंने बरामदे में खड़ी कर दी। रविवार तड़के 3:15 बजे वह बाहर गए तो बाइक गायब थी। उन्होंने घटना की सूचना बाजार चौकी पुलिस को दी। इस बीच पुलिस ने छानबीन के दौरान बृजपाल के घर के सामने व्यापारी के गोदाम के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकार्डिंग खंगाली गई। उसमें 18 से 20 साल के तीन युवक बाइक चोरी कर ले जाते हुए देखे जा रहे हैं। चोरों ने रात करीब 12 बजे बरामदे में खड़ी बाइक चेक की। इसी दौरान सड़क से एक बाइक सवार गुजरा तो तीनों छिप गए और आधे घंटे बाद तीनों बाहर निकले और बाइक को खींचकर सड़क पर ले आए और बाइक का लॉक तोड़कर जौनपुर की ओर भाग गए। पुलिस की मानें तो तीनों आरोपी पहचान लिए गए है। वे स्थानीय युवक हैं।