स्थानीय लोगों और स्कूली बच्चों ने झेली परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। भक्तियाना स्थित आवास विकास मैदान में बरसात में जलभराव की समस्या एक बार फिर सामने आई। बुधवार को हुई बारिश के बाद मैदान और आसपास का क्षेत्र पानी से भर गया जिससे स्थानीय लोगों और स्कूली बच्चों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई घंटों तक मैदान और रास्तों में पानी जमा रहने से आवाजाही प्रभावित रही।
जल भराव से बच्चों को स्कूल पहुंचने के लिए लंबा रास्ता तय करना पड़ा जबकि बुजुर्गों और अन्य लोगों को भी पानी के बीच से निकलने में परेशानी झेलनी पड़ी। दिनेश उनियाल, गजेंद्र मैठाणी, रघुनंदन प्रसाद चमोली, जेपी भट्ट, जगदंबा पोखरियाल, इंद्र बल्लभ पोखरियाल, ललित मोहन नैथानी और राजेंद्र बिष्ट का कहना है कि आवास विकास मैदान और आसपास की बस्ती पिछले करीब 15 वर्षों से हर बरसात में जलभराव की समस्या से जूझ रही है लेकिन आज तक इसका कोई स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि एनएच की ओर से सड़क का ढलान इस तरह बनाया है कि बरसात का पूरा पानी नीचे की बस्ती की ओर बहता है। लोगों का कहना है कि आंचाल डेयरी क्षेत्र व डांग, ऐठाणा तहसील के पास एनएच द्वारा बनाया गया नाला भी इस समस्या को बढ़ा रहा है। एनएच के अधिशासी अभियंता राजवीर सिंह चौहान ने बताया कि सड़क का ढलान निर्धारित मानकों के अनुसार बनाया गया है और उसका एलाइमेंट बदला नहीं जा सकता। नीचे की बस्ती में जलनिकासी की बेहतर व्यवस्था के लिए नगर निगम के साथ समन्वय कर समाधान निकाला जा सकता है।
रोडवेज स्टेशन में जगह-जगह भरा पानी
श्रीनगर। बुधवार को हुई बारिश के बाद श्रीनगर रोडवेज बस अड्डे में कई स्थानों पर पानी भर गया। इसका असर बृहस्पतिवार को भी देखने को मिला। इससे परिसर बसों का इंतजार कर रहे यात्रियों और आने-जाने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बस अड्डे के प्रतीक्षालय के समीप व आवागमन वाले हिस्सों में पानी जमा रहा। लोगों ने यहां पर जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने की मांग की, ताकि बरसात के मौसम में इस तरह की समस्या से राहत मिल सके। रोडवेज प्रभारी अशोक काला ने बताया कि नए बस अड्डे में शुरू से ही बारिश के दौरान जलभराव की समस्या बनी हुई है। बताया कि अधिकारियों ने जल्द ही स्थायी समाधान कराने का भरोसा दिया है। संवाद