राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) उत्तराखंड में भौतिक विज्ञान में हालिया प्रगति (एनसीआरएपीएस) विषय पर आयोजित राष्ट्रीय सम्मलेन में प्रस्तुत शोध पत्रों के आधार पर सर्वश्रेष्ठ शोधार्थियों का चयन किया गया।
एनआईटी में पिछले दिनों राष्ट्रीय सम्मेलन हुआ था। इसके लिए 100 से अधिक शोधार्थियों ने अपने शोध पत्र भेजे थे। समीक्षा करने के पश्चात 90 शोधपत्रों को राष्ट्रीय सम्मेलन में मौखिक प्रस्तुति के लिए चयनित किया गया। एनआईटी के निदेशक प्रो. ललित कुमार अवस्थी ने बताया कि शोध पत्रों की गुणवत्ता का मूल्यांकन बाहरी विषय विशेषज्ञों से करवाया गया। उनकी संस्तुति के आधार पर क्राइस्ट विवि बंगलूरू की सिल्विया आर, गुरु जंभेश्वर विवि की शालू कौशिक को भौतिकी विज्ञान, एनआईटी उत्तराखंड के मोहम्मद मसूद जफर को रसायन विज्ञान और लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी पंजाब की डॉ. मोनिका गुप्ता, एमिटी यूनिवर्सिटी नोएडा की प्रिया गोयल, बाबा साहेब आंबेडकर विवि लखनऊ के अनीश कुमार व नृपतुंगा विवि कर्नाटक की सुमित्रा आर को गणित विषय में बेस्ट पेपर अवार्ड के लिए चयनित किया गया है।