खंड तल्ला पहुंचकर भालू के हमले का निरीक्षण करते वन विभाग की कर्मचारी व ग्रामीण। स्रोत जागरुक पा
थलीसैंण। विकासखंड के दूरस्थ गांव खंड तल्ला में एक बार फिर से भालू ने गोशाला तोड़कर मवेशी को मार डाला व दूसरे को घायल कर दिया। क्षेत्र में पिछले करीब 20 दिनों से भालू की दहशत बनीं हुई है। भालू ने अभी तक तीन मवेशियों को मार डाला है। ग्रामीणों ने वन विभाग से भालू की दहशत से निजात दिलाने की मांग उठाई है। क्षेत्र खंड तल्ला के लोग इन दिनों भालू की दहशत से निजात पाने के लिए रतजगा करने को मजबूर हैं। ग्रामीण शाम ढलते ही देर रात तक मशाल, टॉर्च व लाठी-डंडों के साथ गांव और गोशालाओं की सुरक्षा करने को लेकर गश्त लगा रहे हैं। टीला से जिला पंचायत सदस्य डॉ. शिवचरण नौडियाल ने बताया कि बीती शुक्रवार रात को भालू ने पशुपालक पिंकी देवी की गोशाला के दरवाजे तोड़ दुधारु गाय को मार डाला, जबकि दूसरे पशु को बुरी तरह से घायल कर दिया। भालू गोशालाओं की छत तोड़कर मवेशियों को मार रहा है। इससे क्षेत्र में भालू की दहशत और भी बढ़ गई है। बताया कि पिछले करीब 20 दिनों में भालू ने गोशालाओं को तोड़कर तीन मवेशियों को मार डाला था। इस प्रकार की दहशत के चलते ग्रामीणों की रातभर जागकर अपने पशुओं की सुरक्षा करने में जुटे हुए हैं। ग्राम प्रधान संदीप नेगी की सूचना पर पहुंचे वन विभाग की टीम ने निरीक्षण कर मुआवजे की रिपोर्ट तैयार की। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द ही भालू के आतंक से निजात दिलाने की मांग उठाई है।