हत्या के एक मामले में पुलिस ने आरोपी प्रकाश विष्ट उर्फ पंख सेजवाल निवासी ग्राम वानजड़ा, थाना थिरपू (नेपाल) को देहरादून से गिरफ्तार कर लिया है। उसका अन्य साथी संसार भंडारी निवासी ग्राम फयाल गांव जिला बाजुरा (नेपाल) अभी भी फरार है। पुलिस का कहना है कि संसार के बारे में कुछ सूचनाएं मिली हैं।
जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। एसएसपी मुख्तार मोहसिन ने प्रेस कांफ्रेंस के दौरान बताया कि पांच अप्रैल 2016 को मन बहादुर निवासी डुमकोट जिला बाजूरा नेपाल की श्रीनगर रोड स्थित गडोली गांव में हत्या हो गई थी। इस मामले में मृतक के भाई देवराज की तहरीर पर संसार भंडारी व प्रकाश विष्ट के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस उपाधीक्षक धन सिंह तोमर की देखरेख में जांच अधिकारी कैलाश चंद भट्ट ने प्रकाश विष्ट को गुप्त सूचना के आधार पर देहरादून से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी प्रकाश विष्ट ने बताया कि उन्होंने मन बहादुर की हत्या पत्थरों से उसका सिर कुचलकर की थी। उसकी लाश को घटनास्थल से उठाकर झाड़ियों में छिपा लिया था।
एसएसपी ने बताया कि आरोपी मृतक मन बहादुर के रिश्तेदार ही हैं। कुछ समय पहले संसार भंडारी व प्रकाश विष्ट ने मन बहादुर के रिश्तेदार को पीटा था, जिसके बाद उनके बीच रंजिश शुरू हो गई। घटना वाले दिन तीनों ने एक साथ घर में बैठकर खाना खाया। इतने में मन बहादुर पर देवता आने लगा।
इस पर संसार भंडारी व प्रकाश विष्ट ने कमेंट करना शुरू कर दिया। इसके कारण रंजिश और बढ़ गई। दोनों आरोपी मन बहादुर को योजना के तहत जंगल में ले गए, जहां उन्होंने पत्थरों से कुचलकर उसकी हत्या कर दी। इस मामले में पुलिस ने फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट,, फॉरेंसिक टीम और नेपाल पुलिस के साथ संपर्क करके मामले का खुलासा किया।